Seraikela: समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) की शासी परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खनन से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित क्षेत्रों में डीएमएफटी निधि से संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा नई विकास योजनाओं के चयन पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में खरसावां विधायक दशरथ गागराई, ईचागढ़ विधायक सविता महतो, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, सांसद एवं विधायक प्रतिनिधि, उप विकास आयुक्त रीना हंसदा, शासी परिषद के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा
बैठक के दौरान खनन प्रभावित क्षेत्रों के समग्र विकास को लेकर स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, पेयजल, आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण, विद्यालयों की आधारभूत संरचना, कृषि एवं आजीविका संवर्द्धन तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से संबंधित योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही सभी योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
सदस्यों ने रखे महत्वपूर्ण सुझाव
शासी परिषद के सदस्यों ने जिले में हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित करने, शव वाहन की संख्या बढ़ाने, बंद पड़े कोल्ड स्टोरेज को पुनः संचालित करने, जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
डीएमएफटी निधि का लाभ स्थानीय समुदायों तक पहुंचाने पर जोर
उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक परीक्षण एवं कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डीएमएफटी निधि का उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और आजीविका संवर्द्धन के लिए प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि स्थानीय समुदायों को अधिकतम लाभ मिल सके। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने संचालित योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। वहीं सदस्यों के सुझावों के आधार पर आगामी कार्ययोजना और विकास कार्यों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।