Patamda Breaking: सोमवार को सुबह साढ़े 7 बजे पटमदा थाना क्षेत्र के जलडहर पेट्रोलपंप के पास सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मृतक की पहचान गंगासागर टुडू के रूप में हुई है और उसकी उम्र तकरीबन 30 वर्ष है. मृतक लावा पंचायत के कियाबोहाल गांव का रहने वाला था.
बताया जा रहा है कि रांगामाटी से बालू लेकर आ रहा एक अनियंत्रित हाइवा गलत दिशा में घुसा और दिहाड़ी मजदूर गंगासागर टुडू की बाइक को कुचल डाला. हादसा इतना भयावह था कि उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शव कई फीट तक घसीटता चला गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गंगासागर हेलमेट पहनकर जमशेदपुर जा रहे थे, तभी हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान करना मुश्किल हो गया. आक्रोशित स्थानीय लोगों ने टाटा-पटमदा मुख्य सड़क को जाम कर दिया और प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग की. उनका कहना है कि बालू लदे हाइवा तेज रफ्तार से गुजरते हैं और स्पीड ब्रेकर न होने से बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं.
सूचना मिलते ही पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत, बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग और मुखिया कानूराम बेसरा मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने हाइवा चालक को हिरासत में ले लिया है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.