Ranchi: बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम, मोरहाबादी में जारी चौथी दक्षिण एशियाई सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के दूसरे दिन भारत के एथलीटों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में अपना दबदबा कायम रखा। शनिवार को भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 7 स्वर्ण, 8 रजत और 3 कांस्य पदक जीते। इस शानदार प्रदर्शन के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 32 हो गई है।                    
                    
                    
                                    
                                                
                                
                                
                                
                                
                                          
  
 
                                     
                                                            
                                     
                
           
       
भारत प्रथम पर, श्रीलंका दूसरे और नेपाल तीसरे स्थान पर
श्रीलंका ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 8 स्वर्ण सहित कुल 23 पदक हासिल किए और दूसरा स्थान बनाए रखा। वहीं, नेपाल ने तीन कांस्य पदकों के साथ तीसरे स्थान पर जगह बनाई।
भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन
भारतीय खिलाड़ियों ने बाधा दौड़, मध्यम दूरी और थ्रोइंग इवेंट्स में जबरदस्त प्रदर्शन किया और दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
महिला 100 मीटर हर्डल्स
भारत की नंधिनी ने 13.56 सेकंड में फिनिश लाइन पार कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी साथी मौमिता मंडल ने रजत, जबकि श्रीलंका की विजेवेरा विथा ने कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुष 110 मीटर हर्डल्स
भारत के मानव आर. ने 13.78 सेकंड में शानदार दौड़ लगाते हुए स्वर्ण पदक जीता। श्रीलंका के रनतुंगे रोशन को रजत और भारत के कृषिक एम. को कांस्य पदक मिला।
संजना और अर्जुन की स्वर्णिम दौड़
महिला 1500 मीटर
भारत की संजना सिंह ने 4:25.36 मिनट में दौड़ पूरी कर लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीता। श्रीलंका की निमाली को रजत और भारत की काजल कंवडे को कांस्य मिला।
पुरुष 1500 मीटर
भारत के अर्जुन वास्कले ने 3:54.58 मिनट में दौड़ पूरी करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। श्रीलंका के गल्लागे रुसीरु चाथ को रजत और रोजिदीन मोहामथु को कांस्य पदक मिला।
नीरू पाठक और सीमा की दमदार जीत
महिला 400 मीटर
भारत की नीरू पाठक ने 53.15 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। ओलिंबा स्टेफी ने रजत और श्रीलंका की मेंडिस बलापुवा सयु ने कांस्य पदक जीता।
महिला डिस्कस थ्रो
भारत की सीमा ने 55.14 मीटर की दूरी फेंककर स्वर्ण पदक जीता। निधि को रजत और श्रीलंका की विनोद असगीरिये को कांस्य मिला।
पुरुष डिस्कस थ्रो
भारत के किरपाल सिंह ने 56.22 मीटर की दूरी फेंकते हुए स्वर्ण पदक जीता। निर्भय सिंह को रजत और श्रीलंका के मिलंत संपत को कांस्य पदक प्राप्त हुआ।
श्रीलंका ने हाई जंप और रिले में मारी बाजी
पुरुष हाई जंप
श्रीलंका के ए. समरवीरा ने 2.17 मीटर की शानदार छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। भारत के रोहित ने 2.15 मीटर के साथ रजत और आदर्श राम ने 2.09 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक जीता।
पुरुष 400 मीटर
श्रीलंका के हेवा कुमारगे कालिन ने 46.21 सेकंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। भारत के मोहम्मद अशफाक को रजत और श्रीलंका के काल्हारा कुरुविटगे को कांस्य पदक मिला।
रिले रेस में श्रीलंका ने बनाया नया मीट रिकॉर्ड
पुरुष 4×100 मीटर रिले
श्रीलंका ने 39.99 सेकंड का नया मीट रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। भारत ने 40.65 सेकंड में रजत और बांग्लादेश ने 40.94 सेकंड में कांस्य जीता।
महिला 4×100 मीटर रिले
महिला वर्ग में भी श्रीलंका ने 44.70 सेकंड में स्वर्ण पदक जीता। भारत (44.93 सेकंड) को रजत और मालदीव (47.79 सेकंड) को कांस्य पदक मिला।
खिलाड़ियों ने की आयोजन की सराहना
भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों ने झारखंड सरकार तथा आयोजन समिति द्वारा प्रदान की गई विश्वस्तरीय सुविधाओं, सुगठित प्रबंधन और गर्मजोशी भरे आतिथ्य की प्रशंसा की। खिलाड़ियों ने कहा कि यह चैम्पियनशिप न केवल दक्षिण एशिया में एथलेटिक्स के स्तर को ऊँचा उठाएगी, बल्कि झारखंड को खेलों की नई पहचान भी दिलाएगी।