Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बोलाईडीह हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी शिबू गोप (23 वर्ष), निवासी जगन्नाथपुर, गम्हरिया, थाना आदित्यपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, बोलाईडीह क्षेत्र में 18 जुलाई 2026 को हत्या की वारदात हुई थी। इस मामले में आदित्यपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(2), 61(2) और 34 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से शिबू गोप फरार चल रहा था। आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में इससे पहले ही चार अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शिबू गोप की गिरफ्तारी के बाद अब मामले में नामजद सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।