Chatra News: चतरा में एक महिला पुलिस अधिकारी के सरकारी आवास से नाबालिग बच्ची को बरामद किया गया है. आरोप है कि बच्ची से घर का काम कराया जा रहा था. उसके साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है.
CWC ने की बच्ची की बरामदगी
चतरा जिला बाल कल्याण समिति (CWC) ने बच्ची को बरामद किया. CWC इंचार्ज नर्मदेश्वर सिंह ने मामले की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि बच्ची की मेडिकल जांच कराई जाएगी. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. जरूरत पड़ने पर प्राथमिकी भी दर्ज हो सकती है.
महिला थाना प्रभारी के घर से मिली बच्ची
जानकारी के अनुसार, बच्ची को महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज के घर से बरामद किया गया है. फिरदौस नाज और उनके पति दोनों चतरा जिला बल में दारोगा स्तर के अधिकारी हैं. फिरदौस नाज चतरा महिला थाना की प्रभारी हैं. उनके पति टीपू अंसारी चतरा सदर थाना में जेएसआई के पद पर तैनात हैं. दोनों सदर थाना परिसर स्थित सरकारी आवास में रहते हैं.
माता-पिता को दी गई सूचना
CWC ने बच्ची के माता-पिता को मामले की जानकारी दे दी है. उनके चतरा पहुंचने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. मामले की जानकारी पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को भी दे दी गई है. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.