Deoghar News: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले को लेकर देवघर नगर निगम ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने से साफ-सफाई बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है। बढ़ती भीड़ के कारण कई स्थानों पर कचरे का दबाव भी बढ़ रहा है।
श्रद्धालुओं ने व्यवस्था मजबूत करने की उठाई मांग
शिवगंगा और बाबा मंदिर परिसर पहुंचे श्रद्धालुओं का कहना है कि नगर निगम नियमित सफाई कर रहा है, लेकिन भीड़ को देखते हुए व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है। उनका कहना है कि मंदिर परिसर, शिवगंगा और प्रमुख मार्गों पर लगातार सफाई होती रहनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
पंडा समाज ने भी अतिरिक्त तैयारी पर दिया जोर
पंडा समाज से जुड़े लोगों का कहना है कि बांग्ला सावन शुरू होने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। वहीं 30 जुलाई से शुरू होने वाले मुख्य श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की संख्या दोगुनी से तीन गुनी होने की संभावना है। ऐसे में नगर निगम को अभी से अतिरिक्त संसाधनों और सफाई व्यवस्था को और मजबूत करना चाहिए।
24 घंटे तीन शिफ्टों में चल रहा सफाई अभियान
अपर नगर आयुक्त रजनीश कुमार ने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान लगभग 750 सफाई मित्रों की तैनाती की गई है, जो तीन शिफ्टों में 24 घंटे सफाई कार्य कर रहे हैं। शिवगंगा, बाबा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके। नगर निगम ने पूरे मेले के दौरान बेहतर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा जताया है।