Exam Updates: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं की सेकेंड बोर्ड परीक्षा की डेटशीट जारी कर दी है. जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं 15 मई से शुरू होकर 21 मई तक चलेंगी. अधिकतर परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित होंगी, जबकि कुछ विषयों की परीक्षा 12:30 बजे तक निर्धारित की गई है.
सीबीएसई के डिप्टी सिटी कोऑर्डिनेटर मदन कुमार सिंह ने बताया कि 15 मई, शुक्रवार को गणित (स्टैंडर्ड और बेसिक) से परीक्षा की शुरुआत होगी. इसके बाद 16 मई को अंग्रेजी (कम्युनिकेटिव और लैंग्वेज एंड लिटरेचर), 18 मई को विज्ञान तथा 19 मई को हिंदी, उर्दू, संस्कृत सहित विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं की परीक्षा आयोजित की जाएगी.
20 मई को पेंटिंग, संस्कृत, सूचना प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों की परीक्षा होगी. अंतिम दिन 21 मई, गुरुवार को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा के साथ सेकेंड बोर्ड परीक्षा समाप्त होगी. इसके अलावा होम साइंस, रिटेल, टूरिज्म, संगीत और अन्य वैकल्पिक विषयों की परीक्षाएं भी अलग-अलग समय पर निर्धारित की गई हैं.
मदन कुमार सिंह ने बताया कि जिले से भी छात्र-छात्राएं इस सेकेंड बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि प्रथम बोर्ड परीक्षा की तुलना में इस बार परीक्षार्थियों की संख्या कम होगी. परीक्षा को लेकर सभी स्कूलों को आवश्यक दिशा-निर्देश भेज दिए गए हैं और परीक्षा केंद्रों पर सुचारु व पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.
सीबीएसई द्वारा डेटशीट जारी होने के बाद विद्यार्थियों को अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने का पर्याप्त समय मिल गया है. अब छात्रों को समय प्रबंधन और रिवीजन पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि बेहतर परिणाम हासिल किया जा सके. उल्लेखनीय है कि फरवरी में 10वीं की पहली बोर्ड परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम 15 अप्रैल को जारी किया गया था.