Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम जिले में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) समुदायों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से 18 मई से 25 मई 2026 तक विशेष जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण अभियान चलाया जा रहा है। राजीव रंजन ने बताया कि यह अभियान जनजातीय कार्य मंत्रालय तथा झारखंड सरकार के निर्देशानुसार संचालित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य, पेंशन, राशन और आवास योजनाओं का मिलेगा लाभ
उपायुक्त ने बताया कि दूरस्थ एवं जनजातीय बहुल गांवों में निवास कर रहे पीवीटीजी परिवारों को योजनाओं की जानकारी, आवश्यक सेवाएं और अधिकारों का लाभ एक ही मंच पर उपलब्ध कराने के लिए व्यापक स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के दौरान स्वास्थ्य जांच, आधार एवं दस्तावेज सत्यापन, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, शिक्षा, आवास, पेयजल, सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
गांवों में पहुंचकर सुनी जाएंगी समस्याएं
18 मई को “जन भागीदारी सप्ताह” के शुभारंभ के साथ अभियान की शुरुआत हो चुकी है। 19 मई से 25 मई तक चिन्हित गांवों में लगातार लाभुक संतृप्तिकरण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे। 20 मई को “विलेज इमर्शन ड्राइव” के तहत प्रशासनिक पदाधिकारी, कर्मयोगी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि गांवों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं का आकलन करेंगे।
शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर रहेगा फोकस
21 मई से 23 मई तक विशेष जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर शिकायतों एवं लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर फोकस किया जाएगा। वहीं 24 मई को अभियान की प्रगति, उपलब्धियों और फील्ड रिपोर्ट का संकलन किया जाएगा। 25 मई को समाहरणालय में समीक्षा एवं डी-ब्रीफिंग बैठक आयोजित कर अभियान के अनुभवों, चुनौतियों और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।
कोई भी पात्र परिवार योजनाओं से वंचित न रहे :- उपायुक्त
उपायुक्त राजीव रंजन ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अभियान को पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र पीवीटीजी परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।