Jamshedpur News : परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजमदा नाला के पास उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब सरकारी जमीन पर बन रहे उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य को अचानक रोक दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 55 लाख की लागत से बन रहे इस उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य का स्थानीय महिला जानकी देवी और उनके परिजनों ने विरोध किया। उन्होंने इस जमीन को अपना पुश्तैनी बताते हुए जेसीबी मशीन के सामने खड़े होकर काम रुकवा दिया।
महिला बता रही जमीन पुश्तैनी, प्रशासन कर रहा सरकारी होने का दवा
मौके पर स्थिति बिगड़ती देख तुरंत परसुडीह पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जानकी देवी समेत उनके परिजनों को अपने साथ थाना ले गई। इस दौरान महिलाओं द्वारा विरोध भी किया गया। जानकी देवी का कहना है कि यह जमीन उनकी पुश्तैनी संपत्ति है और किसी भी कीमत पर यहां निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं कि जानबूझकर इस जमीन को चिन्हित कर निर्माण कराया जा रहा है।
वहीं प्रशासन का दावा है कि यह जमीन सरकारी है। कुल 1.01 एकड़ भूमि उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण के लिए चिन्हित की गई है, और मौके पर सरकारी बोर्ड भी लगाया गया है। सरकार की योजना के तहत हर पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र बनाए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हो सकें। इसी योजना के तहत इस स्थल का चयन किया गया है। फिलहाल ठेकेदार ने कार्य में बाधा डालने को लेकर परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, और पूरे मामले की जांच जारी है।