Jamshedpur: शब-ए-बारात के मद्देनज़र जमशेदपुर शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। तीन फरवरी को सुबह 6 बजे से लेकर चार फरवरी की सुबह 6 बजे तक शहर में नो एंट्री लागू रहेगी। इस दौरान भारी व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
हालांकि, आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्री बसों को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है। बसें बिना किसी रोक-टोक के अपने निर्धारित मार्गों पर आवाजाही करती रहेंगी।
इमरजेंसी सेवाओं को पूरी छूट
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, दमकल, पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी गाड़ियों पर यह आदेश लागू नहीं होगा। इमरजेंसी सेवाओं की गाड़ियों का आवागमन सामान्य रूप से जारी रहेगा, ताकि किसी भी स्थिति में लोगों को परेशानी न हो।
प्रशासन ने जारी किया आधिकारिक आदेश
शब-ए-बारात को लेकर नो एंट्री से संबंधित यह आदेश जिला प्रशासन द्वारा आधिकारिक रूप से जारी कर दिया गया है। आदेश पर उपायुक्त (डीसी) कर्ण सत्यार्थी, एसएसपी पीयूष पांडे और डीएसपी ट्रैफिक के संयुक्त हस्ताक्षर हैं। ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिया गया है कि आदेश का सख्ती से पालन कराया जाए।
हादसे के बाद हर साल लग रही है नो एंट्री
बता दें कि जिला प्रशासन पिछले कई वर्षों से शब-ए-बारात के मौके पर नो एंट्री लागू करता आ रहा है। कुछ साल पहले शब-ए-बारात के दौरान एक बड़ा सड़क हादसा हुआ था, जिसके बाद लोगों में आक्रोश देखने को मिला था। स्थानीय नागरिकों ने सुरक्षा को लेकर नो एंट्री की मांग की थी।
इसी घटना के बाद से प्रशासन ने एहतियात के तौर पर हर साल शब-ए-बारात पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की परंपरा शुरू की, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके और श्रद्धालु सुरक्षित रूप से अपने धार्मिक कार्य संपन्न कर सकें।