Odisha News : ओडिशा के चर्चित हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा पुलिस ने मुख्य आरोपी सूर्यकांत स्वाइन को जमशेदपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपनी प्रेमिका सस्मिता दास की हत्या का आरोप है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे, लेकिन विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर ओडिशा ले जाया गया।
सगाई के एक दिन बाद हत्या से सनसनी, पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे
मामले में सामने आया है कि युवती की हाल ही में सगाई हुई थी, जिसके बाद इस हत्याकांड ने सनसनी फैला दी। जांच में आर्थिक विवाद और रिश्तों में तनाव की बात भी सामने आई है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का दावा किया है।
जांच में सामने आई सच्चाई, खुले कई राज
जांच में सामने आया है कि जमशेदपुर में निजी क्षेत्र में कार्यरत सूर्यकांत का मृतका सस्मिता दास उर्फ डॉली के साथ पिछले पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि दोनों ने पूर्व में प्रतीकात्मक रूप से विवाह भी किया था। हालांकि, हाल के दिनों में घर निर्माण से जुड़े लाखों रुपये के आर्थिक विवाद को लेकर दोनों के रिश्तों में खटास आ गई थी।
स्थिति 19 अप्रैल को तब और बिगड़ गई, जब सस्मिता की सगाई भद्रक के एक युवक से हो गई। बताया जा रहा है कि इसी बात और चल रहे आर्थिक विवाद से गुस्साए सूर्यकांत ने अगले ही दिन हत्या की साजिश रच डाली।
मामले की छानबीन में पता चला कि, 20 अप्रैल को सूर्यकांत ने अपने परिवार को यह कहकर गुमराह किया कि वह काम के सिलसिले में जमशेदपुर लौट रहा है, जबकि वह अपनी साजिश को अंजाम देने के लिए वहीं रुका रहा। रात करीब 8 बजे उसने सस्मिता को मिलने के लिए बुलाया। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के अनुसार, दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद सूर्यकांत उसे बहला-फुसलाकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया।
आरोप है कि सूर्यकांत उसे जोगधारी गांव के पास एक सुनसान खेत में ले गया, जहां उसने धारदार हथियार से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जमशेदपुर फरार हो गया।
जमशेदपुर कनेक्शन से बढ़ी चर्चा, पुलिस कर रही पूरे नेटवर्क और मकसद की जांच
गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस हत्या के पूरे मकसद, घटनाक्रम और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।