Ranchi News : राजधानी के पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित राधानगर में क्रिकेट खेलने के दौरान हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मामले में पंडरा ओपी थाना में 25 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ हथियार लेकर पीड़ित के घर पहुंचा और मारपीट के साथ जमकर तोड़फोड़ की।
पीड़ित बबी कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 24 मई की सुबह क्रिकेट खेलने के दौरान प्रिंस सिंह और रिजु राय के साथ कहासुनी हुई थी। शाम के समय प्रिंस सिंह नशे की हालत में उसके घर पहुंचा, लेकिन परिवार वालों ने समझाकर उसे वापस भेज दिया।
हथियार लेकर पहुंचे आरोपी, महिलाओं से भी अभद्रता का आरोप
आरोप है कि रात करीब साढ़े आठ बजे प्रिंस सिंह अपने कई साथियों के साथ दोबारा घर पहुंचा। इस दौरान गाली-गलौज की गई और महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया।
बीच-बचाव करने पहुंचे बबी कुमार और उसके भाई सनी कुमार के साथ मारपीट की गई। हमले में बबी कुमार के हाथ और अंगूठे में चोट आई।
पीड़ित के अनुसार अगले दिन आरोपी पक्ष की ओर से फोन कर थाना बुलाया गया। इसी बीच घर से सूचना मिली कि 20 से 25 लोग बंदूक, तलवार, लोहे के रॉड और पत्थर लेकर घर पर हमला कर रहे हैं। आरोपियों ने घर का दरवाजा तोड़ दिया और परिवार के लोगों के साथ मकान मालिक को भी धमकाया।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना, मुख्य आरोपी हिरासत में
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने रिश्तेदार के घर पहुंचकर बिजली मोटर और डोरबेल को भी नुकसान पहुंचाया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही गई है।
मामले में पंडरा ओपी थाना में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रिंस सिंह को हिरासत में ले लिया है।
घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।