Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के आमदा ओपी क्षेत्र में गुरुवार को कुचाई नदी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया. नदी में शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों की नजर नदी में बह रहे शव पर पड़ी. इसके बाद उन्होंने तत्काल आमदा ओपी पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही आमदा ओपी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक उनके क्षेत्र का रहने वाला नहीं है. आशंका जताई जा रही है कि शव पानी के तेज बहाव के साथ किसी दूसरी जगह से बहकर कुचाई नदी तक पहुंचा होगा. हालांकि, शव यहां कैसे पहुंचा और व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है. समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस अब आसपास के थाना क्षेत्रों से लापता लोगों की जानकारी जुटाने के साथ शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है.
पुलिस ने लोगों से की पहचान में मदद की अपील
आमदा ओपी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को शव की पहचान के बारे में जानकारी हो, तो वह आमदा ओपी पुलिस से संपर्क करे. पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद मृतक के परिजनों को सूचना दी जा सकेगी.