Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले की कांड्रा थाना पुलिस ने गुम मोबाइल बरामदगी अभियान के तहत तीन लोगों के मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। यह कार्रवाई ऑपरेशन डिवाइस और केंद्र सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से की गई। बरामद मोबाइल पाने वालों में आदित्यपुर लाल कॉम्प्लेक्स निवासी अशोक कुमार पांडेय, कांड्रा के बिकानीपुर निवासी सचिन मंडल और पूर्वी सिंहभूम के जादूगोड़ा कालिकापुर निवासी जयंत सरकार शामिल हैं। तीनों के मोबाइल अलग-अलग समय पर गुम हुए थे।
IMEI नंबर से ट्रैक कर बरामद किए गए मोबाइल
पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद मोबाइल के IMEI नंबर के आधार पर तकनीकी जांच शुरू की गई। ट्रैकिंग के बाद तीनों मोबाइल बरामद किए गए और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद संबंधित मालिकों को सौंप दिए गए। अपने गुम हुए मोबाइल वापस मिलने पर तीनों लोगों ने कांड्रा पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर भी जानकारी दर्ज करें, ताकि समय रहते मोबाइल को ट्रैक कर बरामद किया जा सके।