Dhanbad News : नगर निगम क्षेत्र के लाखों टैक्सपेयर्स को राहत देने की दिशा में स्टैंडिंग कमेटी ने बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम की बैठक में हाल में हुई 10 प्रतिशत होल्डिंग टैक्स बढ़ोतरी पर रोक लगाने के लिए प्रस्ताव पारित कर राज्य सरकार को भेज दिया गया है। मेयर संजीव सिंह ने कहा कि मौजूदा महंगाई और आर्थिक दबाव के बीच टैक्स वृद्धि आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है, इसलिए इस पर पुनर्विचार जरूरी है।
महंगाई के बीच टैक्स बढ़ोतरी पर सवाल, मध्यम और निम्न वर्ग को राहत देने की मांग
बैठक में कहा गया कि बढ़े हुए होल्डिंग टैक्स से मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोगों पर सीधा असर पड़ेगा। इसी को देखते हुए सरकार से इस वृद्धि पर तत्काल रोक लगाने की अपील की गई है। स्टैंडिंग कमेटी का मानना है कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए टैक्स वृद्धि वापस ली जानी चाहिए। प्रस्ताव पारित होने के बाद शहरवासियों में राहत और उम्मीद का माहौल देखा जा रहा है।
सरकार के फैसले पर टिकी निगाहें, लाखों उपभोक्ताओं को राहत की उम्मीद
अब इस प्रस्ताव पर राज्य सरकार के फैसले का इंतजार है। अगर सरकार इस पर सकारात्मक निर्णय लेती है तो लाखों होल्डिंग टैक्सदाताओं को राहत मिल सकती है। इस मुद्दे को लेकर नगर निगम और नागरिकों की नजर अब सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई है।