MLA Jairam Mahato: झारखंड विधानसभा के पूरक मानसून सत्र के अंतिम दिन विधानसभा की कार्रवाई को देखने के लिए कई स्कूली छात्र-छात्राएं अपने शिक्षकों के साथ सदन पहुंचे। बच्चों ने नजदीक से सदन की कार्यवाही का अवलोकन कर संसदीय प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
इस दौरान झारखंड विधानसभा सदस्य और विधायक जयराम महतो ने बच्चों के बीच कुछ समय बिताया। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई और सीखने की तकनीकों पर चर्चा की। महतो ने बच्चों को पढ़ाई के तरीके, याददाश्त विकसित करने और आत्मविश्वास बढ़ाने के टिप्स दिए।
बच्चों के बीच संबोधन के दौरान विधायक ने राजनीति की प्रासंगिकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि “आई हेट पॉलिटिक्स” जैसी सोच से बाहर आना होगा। भारत जैसे देश में राजनीति से नफरत करना संभव नहीं है क्योंकि राजनीति से नफरत करना मतलब संविधान के मकसद से विमुख होना है।
उन्होंने बच्चों को संदेश देते हुए कहा कि आप किसी भी क्षेत्र या नौकरी में जाएं, राजनीति की भूमिका हमेशा रहेगी। इसलिए राजनीति को नकारने के बजाय उसकी सकारात्मक भूमिका को समझना और अपनाना जरूरी है।