चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जैतगढ़ ओपी थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। मुंडाई गांव निवासी दीपक प्रधान की शुक्रवार को बालू तस्करों ने ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दीपक प्रधान इलाके में अवैध बालू खनन और परिवहन का लगातार विरोध कर रहे थे। शुक्रवार को भी उन्होंने बालू लदे ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, लेकिन ट्रैक्टर चालक ने उन्हें कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। हादसे में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में जबरदस्त आक्रोश
हत्या की खबर फैलते ही ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कई घंटों तक सड़क जाम रही, जिससे यातायात बाधित हुआ और स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया। जगन्नाथपुर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि बालू ले जा रहे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
अवैध बालू खनन पर सवाल
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध बालू खनन लंबे समय से जारी है और प्रशासन इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम रहा है। उन्होंने कहा कि बालू माफिया खुलेआम पुलिस की आँखों में धूल झोंककर कारोबार चला रहे हैं, जिसका विरोध करने वाले आम लोगों पर जानलेवा हमले किए जा रहे हैं।
लोगों ने मांग की कि अवैध धंधों पर तत्काल रोक लगाई जाए और आरोपियों को सख्त सजा दिलाई जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।