Jharkhand: चौका थाना क्षेत्र के चांदुडीह में गुरुवार दोपहर एक 21 वर्षीय युवक ने अपनी कपड़े की दुकान के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय युवक दुकान में अकेला था और उसने अंदर से शीशे का दरवाज़ा बंद कर लिया था। जानकारी के अनुसार, युवक ने यह कदम अपनी गर्लफ्रेंड से वीडियो कॉल के दौरान उठाया और आत्महत्या की पूरी घटना को लड़की को दिखाया।
घटना का विवरण
मृतक की पहचान राहुल मंडल उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है, जो सिंहभूम कॉलेज, चांडिल में डिग्री की पढ़ाई करता था। राहुल का परिवार चांडिल डैम कॉलोनी में रहता है। गुरुवार को वह अपने पिता कृपा मंडल के साथ चांदुडीह स्थित अपनी कपड़े की दुकान पर आया था, जिसके बाद पिता किसी काम से जमशेदपुर चले गए थे। राहुल ने दुकान के अंदर बेडशीट का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। बताया गया है कि फांसी लगाने से पहले उसने अपनी गर्लफ्रेंड को मोबाइल से वीडियो कॉल किया था। फांसी लगाने की पूरी घटना दिखाने के लिए उसने मोबाइल को खिड़की में बांधकर टांग दिया था।
गर्लफ्रेंड ने दी जानकारी
आत्महत्या की घटना देखकर राहुल की गर्लफ्रेंड घबरा गई और उसने तुरंत कॉल काटकर राहुल को कई बार वापस फोन किया, लेकिन राहुल ने रिसीव नहीं किया। इसके बाद लड़की ने घटना की जानकारी राहुल के दोस्त और बड़े भाई को दी।
राहुल का बड़ा भाई, जो रांची में रहकर पढ़ाई करता है, उसने आनन-फानन में अपने पिता कृपा मंडल को फोन कर पूरी घटना से अवगत कराया। मौके पर आकर देखने पर पता चला कि दुकान का शीशे का दरवाज़ा अंदर से लॉक है और अंदर राहुल का शव फंदे से झूल रहा है।
पुलिस कार्रवाई और जांच
सूचना मिलने पर चौका पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी सोनू कुमार के निर्देश पर पुलिस ने शीशे का दरवाज़ा तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, राहुल पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बागमुंडी थाना क्षेत्र के ईलू गांव की तन्नु नाम की लड़की से बात करता था। आशंका जताई जा रही है कि दोनों के बीच किसी आपसी विवाद के कारण राहुल ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टिकोंण से
थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टिकोंण से यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है। घटना के बाद से राहुल के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।