Jharkhand News: झारखंड हाईकोर्ट ने जेएसएससी सीजीएल (JSSC CGL) परीक्षा-2023 से जुड़े पेपर लीक मामले के आरोपी संतोष मस्ताना को जमानत दे दी है. न्यायमूर्ति गौतम कुमार चौधरी की अदालत में इस मामले की सुनवाई हुई, जिसके बाद कोर्ट ने मस्ताना को बेल देने का फैसला सुनाया.
उल्लेखनीय है कि 21 और 22 सितंबर 2024 को आयोजित इस परीक्षा में धांधली के आरोपों के बाद पुलिस ने संतोष मस्ताना को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद हुई लंबी पूछताछ में संतोष ने स्पष्ट किया था कि उसने परीक्षा के लिए केवल “गेस क्वेश्चन” तैयार किए थे, न कि प्रश्नपत्र लीक किया था. उसने जांच के दौरान पेपर लीक की बात को सिरे से खारिज कर दिया था.
इस पूरे प्रकरण में राज्य सरकार का रुख भी काफी अहम रहा. सीबीआई जांच की मांग वाली एक जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान महाधिवक्ता राजीव रंजन ने कोर्ट को बताया कि अब तक की जांच में प्रश्नपत्र लीक होने का कोई भी ठोस साक्ष्य नहीं मिला है. सीआईडी की जांच रिपोर्ट में भी पेपर लीक जैसी किसी बात की पुष्टि नहीं हुई है. सरकार की दलील है कि जिसे परीक्षार्थी और प्रार्थी पेपर लीक बता रहे हैं, वे दरअसल केवल संभावित प्रश्न यानी “गेस क्वेश्चन” थे.